कुल्लू टुडे
मनाली
बर्फबारी के बाद सैलानियों की पहली पसंद बनी लाहुल घाटी के प्रवेश द्वार सिस्सू में जहां इन दिनों सैलानियों का सैलाब उमड़ा हुआ है,वहीं लाहौल स्पीति प्रशासन द्वारा पर्यटकों को सिस्सू से आगे जाने की अनुमति न देने को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
इस संदर्भ में लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा है कि आए दिन प्रशासन लाहुल घाटी में सैलानियों की आवाजाही को लेकर तुगलकी फरमान जारी करता है जिसे लेकर सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन कारोबारी भी खासे परेशान दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कभी प्रशासन सैलानियों के लिए लाहुल घाटी में घूमने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कर रहा है, तो कभी सिस्सू से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
रवि ठाकुर ने कहा है कि सैलानियों के लिए जो समय सारणी प्रशासन ने लाहौल घाटी में घूमने के लिए तय की है वह सरासर मजाक है। उन्होंने कहा कि सिस्सू हैलीपैड के समीप प्रशासन द्वारा पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है ,जो सैलानियों को सिस्सू पहुंचने के बाद हेलीपैड की तरफ डाइवर्ट कर रहे हैं ,जबकि सैलानी लाहुल घाटी को घूमना चाहते हैं और घाटी में मौजूद विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंचना चाहते हैं।
उन्होंने कहा है कि उदाहरण के तौर पर लाहुल आने वाला पर्यटक अगर राजा घेपन के दरबार यानी मंदिर में जाना चाहे तो उसे सिस्सू में ही रोक दिया जा रहा है ,जो सरासर गलत है। रवि ठाकुर ने कहा है कि घाटी में सैलानियों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस समर्थित जिला परिषद के सदस्यों व जिला परिषद अध्यक्ष अनुराधा राणा ने जहां हाल ही में प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ मुलाकात कर इस समस्या का समाधान को लेकर आग्रह किया था ,लेकिन प्रशासन ने उनके आग्रह को भी अमलीजामा नहीं पहनाया।
रवि ठाकुर ने कहा है कि लाहुल घाटी के पर्यटन कारोबारियों को जहां विंटर सीजन से खासी उम्मीद है, वहीं प्रशासन पर्यटकों की आवाजाही को लेकर किसी भी तरह की रणनीति नहीं बना सका है। रवि ठाकुर ने दो टूक शब्दों में कहा है कि लाहौल स्पीति प्रशासन अगर सैलानियों की आवाजाही को लेकर नया रोडमैप तैयार नहीं करेगा तो कांग्रेस को मजबूरन सड़कों पर उतर हल्ला बोलना पड़ेगा।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि लाहौल आने वाले सैलानियों को घाटी के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए अनुमति दी जाए, ताकि घाटी के परिजन कारोबारी भी विंटर सीजन का फायदा उठा सकें। सैलानियों को बेवजह सिस्सू में न रोका जाए।
