कुल्लू टूडे
शिमला
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह 2024 के बेहतरीन आयोजन के लिए सभी विभाग मिलकर तैयारी करें।
यह निर्देश अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने आज यहाँ बचत भवन में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी को दूर-दूर से लोग और पर्यटक समारोह को देखने रिज मैदान आते हैं इसलिए परेड और झांकियां बेहतरीन होने चाहिए।
उन्होंने विभागों को अपने विभाग की झांकियों को प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए ताकि झांकियों के माध्यम से जनता को स्पष्ट सन्देश प्राप्त हो।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने समारोह में बेहतर सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन पर भी बल दिया। ख़राब मौसम होने की स्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन गेयटी थिएटर में होगा।
बैठक में बताया गया कि समारोह में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गुब्बारे भी छोड़े जायेंगे।
बैठक में संयुक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ भुवन शर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी संजय भगवती, जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
