कुल्लू टूडे
कुल्लू
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ऐसा कह रहे है कि वह भर्तियों के रिजल्ट निकालना चाहते है लेकिन कैबिनेट के मंत्री उनका सहयोग नहीं कर रहे हैं इसलिए अभ्यर्थी उनसे भी अपनी पीड़ा कहें तो एक मुख्यमंत्री के लिए इससे दुर्भाग्यपूर्ण बयान कोई नहीं हो सकता हैं।
जेओए आईटी के अभ्यर्थी अपने रिज़ल्ट के लिए सचिवालय के बाहर धरना दे रहे हैं। कांग्रेस सरकार और उनके मंत्रिमंडल के बीच सहमति बनाने के लिए नहीं।
कुल्लू के ढालपुर मैदान में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने यह बातें कहीं।
ग़ौरतलब है कि अपने परीक्षा परिणामों को घोषित करने के लिए शिमला में सचिवालय के बाहर डटे जेओए आईटी के अभ्यर्थियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनसे मुलाक़ात के दौरान कहा कि वह लंबित परिणाम जारी करना चाहते हैं लेकिन कैबिनेट के मंत्री रोड़ा अटका रहे हैं। इसलिए सभी अभ्यर्थी उनसे भी अपनी पीड़ा ज़ाहिर करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर फेल है। जो हालत इस समय प्रदेश के है उससे यह साफ़ हो चुका है कि प्रदेश संभालना कांग्रेस सरकार के बस की बात नहीं है। आज कांग्रेस की हठधर्मिता के कारण प्रदेश के युवा सड़कों पर भटकने को मज़बूर हैं।
सुप्रीम कोर्ट के द्वारा हरी झंडी दिए जाने के बाद भी सरकार परिणाम न जारी करके प्रदेश के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिस कैबिनेट की पहली बैठक में एक लाख नौकरियां देने की गारंटी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दी गई थी आज उसी कैबिनेट पर पुरानी भर्तियों के रिजल्ट रोकने, युवाओं को रोज़गार देने में रोड़ा अटकाने का आरोप लग रहा है। एक साल में कोई भी सरकार आज तक इतनी अलोकप्रिय नहीं हुई थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सत्ता संरक्षित माफिया आज प्रदेश की उद्योग नगरी में तांडव मचा रहे है जिसके कारण प्रदेश के उद्योग पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में जा रहे हैं।
क्या इसी तरह से प्रदेश का विकास होगा। क्या प्रदेश में आम आदमी से लेकर उद्योगपतियों का जीना दूभर कर देना ही मुख्यमंत्री के व्यवस्था परिवर्तन का नारा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा राहत के नाम पर प्रदेश सरकार ने अपनी एक पाई नहीं लगाई है और जो भी सहयोग केंद्र से आया है उसकी जमकर बंदरबांट हुई है। अपने चहेतों को बिना नुक़सान के ही तीन-तीन लाख की किस्त दे दी गई जिनका नुक़सान हुआ उनकी रिपोर्ट भी नहीं लग पाई।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज केंद्र सरकार की योजनाओं के हज़ारों या लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों लाभार्थी है। समाज का कोई भी वर्ग प्रधानमंत्री की योजनाओं से अछूता नहीं हैं।
प्रधानमंत्री कभी भी छोटे लक्ष्य नहीं रखते हैं। भारत में आज सब कुछ है। देश का दुनिया में बहुत मान-सम्मान है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। इसलिए भारत भी दुनिया के सामने विकसित देशों में मज़बूती के साथ खड़ा हो, इसलिए हर भारतीय का सहयोग आवश्यक है। इसीलिए यह संकल्प यात्रा चलाई जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कुल्लू के भुंतर और ढालपुर मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लिया और मोदी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने भारत को विकसित बनाने में अपना सहयोग देने का संकल्प भी लिया।
