Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

बिलासपुर में बढ़ रही वाहनों की तादात से पार्किंग की समस्या दिन प्रतिदिन विकराल रूप धारण कर रही है।

आलम यह है कि लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के मुख्य बाजार में ओल्ड पंजाब नेशनल बैंक के पास गाड़ियों की अवैध पार्किंग और जनता की परेशानी सहज ही देखी जा सकती है।

यहां पर बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए वाहनों से न सिर्फ स्थानीय दुकानदार परेशान है बल्कि आम जनता भी दुखी है।

इस स्थान के आस पास अधिकांश बैंक और दुकानें हैं। लोग अपने रोजमर्रा के कामों को लेकर यहां पर आते हैं।

लेकिन नजदीक किसी प्रकार की फ्री पार्किंग न होने के कारण लोग इस स्थान पर अपने वाहनों को खड़ा कर काम के लिए निकल जाते हैं। जिससे यहां पर जगह बहुत तंग हो जाती है।

यहां पर दोपहिया वाहनों का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में राहगीरों के साथ वाहनों का टकराना आम बात है।

स्थानीय लोगों में शामिल पूर्व पार्षद मास्टर सुखराम, श्रीराम गुप्ता, मनीश खान, विवेक गुप्ता, पारस, सनातन गौतम, फिरोज खान, जितेंद्र कुमार, भारत भूषण दबड़ा आदि ने बताया कि यहां पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लोहे के एंगल लगाए गए हैं। ऐसे में लोग अपनी गाड़ियों को यहीं पर खड़ा कर देते हैं।

चूंकि अन्य लोग भी पहले से खड़े वाहनों के पीछे अपने वाहन खड़े कर अपने कामों के लिए निकल जाते हैं। कुछ देर बाद यही अवैध पार्किंग लड़ाई का सबब बन जाती है।

जबकि अवैध तरीके से खड़े इन वाहनों से राहगीरों को भी परेशानियों से गुजरना पड़ता है। अधिकांश दुकानदारों के आवास और दुकानें साथ ही है।

ऐसे में कोई व्यक्ति यदि बीमार हो जाए तो अपनी की गाड़ी निकालना मुश्किल हो जाता है। थोड़ा सा विलंब किसी की जान पर बन सकता है। यही नहीं आए दिन की इस किचकिच से दुकानदार भी परेशान हैं।

लोगों ने मांग की है की है कि इस स्थान पर स्थायी पुलिस कर्मी की तैनाती की जाए ताकि लोगों को नाहक परेशानी न हो।

उल्लेखनीय है कि इसके साथ कोर्ट रोड़ है जहां पर शर्मा मेडीकल स्टोर के सामने पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं।

इस मार्ग से सबसे ज्यादा वीआईवी मूवमेंट होती है। लेकिन इसी सड़क से मुख्य बाजार की ओर लोग आड़े तिरछे अपने वाहनों को खड़ा समस्या पैदा करते हैं।

लोगों ने जिला प्रशासन से यह भी मांग की है कि लोहे के एंगल यदि हटा दिए जाते हैं तो रास्ता खुल जाएगा तथा लोग गाड़ियों को आगे ले जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि चूंकि मुख्य बाजार है इसलिए गाड़ियों के अनलोढ़िंग के लिए रात का समय तय किया जाए तथा दिन के समय इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश निषेध किया जाए।

इस संदर्भ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार चैधरी ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आया है।

इस बारे में यदि स्थानीय व्यापार मंडल हस्तक्षेप कर विभाग को शिकायत करें तो निश्चित तौर पर कार्यवाही की जाएगी।

एएसपी ने कहा कि लोहे के एंगल को हटाने बारे में भी व्यापार मंडल की सहमति जरूरी है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!