Spread the love

कुल्लू टुडे

हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की बड़सर विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झिरालड़ी में 21 नवंबर को आयोजित किए जा रहे जनमंच के लिए जिला प्रशासन और उपमंडल प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक ने बताया कि शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोहडर, करेर, पाहलू, पटेरा, मोरसू सुल्तानी और नगर पंचायत भोटा के निवासियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

उपायुक्त ने क्षेत्रवासियों से जनमंच का लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए इस क्षेत्र के लोगों से पहले ही शिकायतें आमंत्रित कर ली गई हैं तथा इन्हें संबंधित विभागों को प्रेषित किया जा रहा है।

जनमंच के दिन विभागीय अधिकारी इन जनसमस्याओं के समाधान का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि संबंधित पंचायतों मेें प्री-जनमंच कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकांश जनसमस्याओं का समाधान लोगों के घरद्वार पर ही संभव हो सके।

उपायुक्त ने बताया कि 21 नवंबर को जनमंच में जनसमस्याओं की सुनवाई के साथ-साथ लोगों के कई आवश्यक दस्तावेज, प्रमाण पत्र, लाइसेंस और विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्ड भी मौके पर ही तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और स्वास्थ्य व आयुर्वेद विभाग मेडिकल जांच शिविर लगाएंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!