कुल्लू टुडे
मंडी
जिला पुलिस ने डेढ़ लाख की ठगी के मामले में एक शातिर को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान लाल कुमार दास पुत्र मोती दास उम्र 26 निवासी झारखंड के रूप में हुई है।
आरोपी वर्तमान में गांव पालम साउथ वेस्ट दिल्ली में रह रहा था। आरोपी के पास से काफी संख्या में सिम कार्ड, बैंक अकाउंट डिटेल्स और लैपटॉप भी बरामद किए गए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि 5 अक्टूबर को आरोपी ने शिकायतकर्ता मुकेश कुमार को दूरभाष पर कॉल कर खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उसकी बैंक अकाउंट की डिटेल मांगी। ऐसा नहीं करने पर उसे जुर्माना लगाने की बात कही।
इस पर उन्होंने आरोपी को अपने बैंक की पूरी अकाउंट डिटेल दे दी। इसके बाद आरोपी ने उनके बैंक खाते से डेढ़ लाख की राशि निकाल ली। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर उन्होंने इसकी शिकायत सदर पुलिस को दी।
मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने साइबर सेल के हेड कांस्टेबल विशाल की अगुवाई में एक टीम गठित कर दिल्ली भेजी। जहां पर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। जिसे पुलिस गिरफ्तार कर मंडी ले आई है और उससे मामले में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी लालकुमार दास इससे पहले भी देशभर में कई लोगों को बैंक अकाउंट के नाम पर लाखों रुपए की चपत लगा चुका है।
