कुल्लू टुडे
कुल्लू
कोरोना महामारी के दौरान घर बैठे पहली व दूसरी कक्षा के विद्यार्थी लंबे अरसे बाद पहली बार स्कूल पहुंच कर पढ़ाई करेंगे। सोमवार को पहली व दूसरी कक्षा के विद्यार्थी स्कूल पहुंचे हैं।
विद्यार्थियों में अपने सहपाठियों व अध्यापकों से मिलने व आमने सामने बैठ कर पढ़ाई करने को लेकर भारी उत्साह देखा गया। तो वहीं अध्यापक अपने विद्यार्थियों को कोविड-19 महामारी से बचाने के लिये हर संभव उपाय करने के लिये भी पूरी तरह से सजग दिखे।
जिला मुख्यालय पर स्थित स्मार्ट स्कूल का तमगा हासिल किये लोअर विंग स्कूल में पहली दूसरी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बड़े ही उल्लास के साथ स्कूल में प्रवेश किया। वहीं अध्यापकों ने भी उनका स्वागत बड़े हर्षोल्लास के साथ किया।
स्कूल की केंद्रीय मुख्य अध्यापिका कला नेगी ने बताया कि कक्षा को गुब्बारों व अन्य सजावटी चीजों के साथ बड़े ही सुंदर ढंग से सजाया गया है। इसके साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखते हुये विद्यार्थियों को बराबर दूरी रखते हुये अलग अलग बिठाया गया। ताकि छोटे बच्चों में कोरोना संक्रमण न फैल सके।
इसी तरह जिला के अन्य स्कूलों सहित गांधीनगर, चामुंडानगर, दुर्गानगर, सुलतानपुर, आखाड़ा बाजार, कलैहली, भुंतर व सैंज घाटी के रोपा सहित सभी स्कूलों में विद्यार्थियों का स्कूल आगमन पर उनका पूरा ख्याल रखा गया।
हालांकि आनलाइन पढ़ाई में अध्यापक व विद्यार्थी एक दूसरे से रूबरू हो रहे थे। लेकिन उसमें वह पढ़ाई करने में वह मजा नहीं जो आमने सामने की पढ़ाई में है। नौनिहाल स्कूल खुलने से काफी खुश हैं तो अभिभावकों में चिंता की लकीरें भी साफ दिखाई दे रहीं है।
वहीं अब तक घर में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे तीसरी से सातवीं कक्षा के विद्यार्थी दस नवंबर से अपने स्कूल पहुंचे हैं। जबकि इससे ऊपर की कक्षाओं को पहले ही स्कूल बुला लिया था। अब पहली व दूसरी की कक्षा के विद्यार्थी भी सोमवार से स्कूल पहुंच रहे हैं।
उधर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरजीत राव ने कहा कि सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिये गये हैं कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते बच्चों को स्कूल में प्रवेश देने की हिदायत दी गई है। कहा कि स्कूलों में कोरोना संक्रमण से बचाव के सारे प्रबंध किये गये हैं। ताकि बच्चों में कोरोना संक्रमण का फैलाव न हो।
यह बोले उपायुक्त आशुतोष गर्ग
जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू अशुतोष गर्ग ने कुल्लू जिला में कोरोना से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन एक्ट, 2005 की धारा 34 के तहत आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिला में नो मास्क-नो सर्विस नियम लागू रहेगा।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग को 15 नवंबर 2021 से कक्षा पहली से दूसरी कक्षा के बच्चे स्कूल आएंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार और प्रोटोकॉल के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करेगा।
आशुतोष गर्ग ने बताया कि आदेशों की उल्लंघना करने वालों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन एक्ट तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

