कुल्लू टूडे
मनाली
विश्व विख्यात पर्यटन नगरी मनाली में 12वां राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवाल का आयोजन 2 जनवरी से 6 जनवरी 2024 तक मनाली में आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी उपमंडल अधिकारी मनाली रमन कुमार शर्मा ने मनाली में राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवाल के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि 12वां राष्ट्रीय स्तरीय शरदोत्सव मनाली में गत वर्षो की तरह इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
शरदोत्सव के मुख्य आकर्षण विंटर क्वीन, वॉइस ऑफ कार्निवाल उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के विभिन्न राज्यों के दलों के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल होंगे।
उन्होंने बताया कि गत वर्षो की तरह इस वर्ष भी महिला मंडलों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
इस दौरान वॉलीबॉल, बास्केटबॉल तथा रस्साकशी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तरीय शरदोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है ।
उन्होंने सभी कमेटी में शामिल सदस्यों से समय पर सभी कार्यों पूरा करने के निर्देश दिए।
उप मण्डलाधिकारी ने कहा कि शरदोत्सव की यादों को संजोए रखने के लिए एक आकर्षक स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा जिसमें कुल्लू जिले की समृद्ध संस्कृति से संबंधित लेख प्रकाशित किए जाएंगे।
बैठक में जिला भाषा अधिकारी सुनीला,पीओ टाउन एन्ड कंट्री प्लानिंग पुष्प राज, विधुत, लोक निर्माण, जल शक्ति व आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
