Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर

बिलासपुर जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र की तमाम बस्तियों में पेयजल सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है तथा आने वाले 4 वर्षों में सदर विधानसभा क्षेत्र की 70 प्रतिशत गांवों में सिंचाई व्यवस्था भी उपलब्ध करवा दी जाएगी।

यह बात पूर्व विधायक तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बंबर ठाकुर ने बिलासपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दिल खोलकर विकास कार्यों के लिए धनराशि की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि चांदपुर, मियां बंदला, दली व कुडाणी के लिए सिंचाई योजना शुरू की गई थी लेकिन वह पूरी होने से पहले ही खराब हो गई। उसकी मोटर आदि भी चोरी हो गई थी।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस मामले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मिले थे और इस योजना को सुचारु करने के लिए आग्रह किया था।

ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के प्रयासों से इस योजना के लिए 1.76 करोड रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। आने वाले अप्रैल मई महीने तक इस योजना को चालू कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लद्दा, रणसल, नघारवी, बनोहा पेयजल योजना के लिए भी एक करोड रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

अब इसमें अपना अलग से टैंक बनाकर इन गांवों को सुविधा दी जाएगी तथा लद्दा और मेहरी काथला पंचायत में पानी की समस्या समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले परनाल के जल स्रोत से पानी उठाकर मंडी जिला के क्षेत्र में दिया जाता था वहां से फिर इन पंचायतों को आता था जो की उचित नहीं था।

उन्होंने इस योजना के लिए एक करोड रुपए स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है।

उन्होंने सदर के वर्तमान विधायक त्रिलोक जमवाल तथा झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल पर आरोप लगाया है कि वह एसीसी और एनटीपीसी से सेस के तहत मिला पैसा झंडूता क्षेत्र में लगवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वास्तव में यह राशि 5 किलोमीटर एरियल डिस्टेंस के क्षेत्र में व्यय होती है जो कि सदर विधानसभा क्षेत्र का बनता है।

लेकिन पिछले बार तत्कालीन उपायुक्त की मिलीभगत और पूर्व सरकार के इशारे पर इस एरियल डिस्टेंस को 15 किलोमीटर करवा दिया गया था और वर्तमान सदर के विधायक और झंडूता के विधायक ने इसे अपने क्षेत्र में व्यय करवाया जो कि सदर के लिए चिंता का विषय है ।

उन्होंने कहा कि यह राशि लगभग 90 करोड रुपए थी जोकि सार्वजनिक तौर पर सदर की जनता के काम आनी चाहिए उन्होंने कहा कि धूल प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण सदर की जनता सह रही है लेकिन लाभ झंडूता के लोगों को मिल रहा है।

उन्होंने बिलासपुर से संबंधित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व जगत प्रकाश नड्डा से भी इस बारे में जवाब देने को कहा है क्योंकि उनका संबंध भी झंडूता क्षेत्र से ही है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेसी नेता नईम मोहम्मद भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!