Spread the love

कुल्लू टूडे

पांगी

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार क़र्ज़ लेने का रिकॉर्ड बना रही है।

प्रदेश के इतिहास में दस महीनें की सरकार में ही दस हज़ार करोड़ रुपये का क़र्ज़ लेने का यह पहला मामला है।

उन्होंने कहा कि इस तरह से ही क़र्ज़ लेते रहे तो प्रदेश को तमाम आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि सरकार क़र्ज़ पर क़र्ज़ क्यों ले रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह वही कांग्रेस के नेता हैं जो हमेशा एक ही बात रटते थे कि पिछली सरकार ने क़र्ज़ लिया है।

अब जब झूठ बोलकर स्वयं सत्ता में आए तो क़र्ज़ लेने का हर रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब झूठ बोलकर काम नहीं चलेगा, मुख्यमंत्री को बताना पड़ेगा कि सरकार क़र्ज़ लेकर काम क्या कर रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार आए दिन वित्तीय प्रबन्धन की बात करती है, क्या सारे विकास कार्य रोककर हर महीनें एक हज़ार करोड़ रुपये का लोन लेना ही इस सरकार का वित्तीय प्रबंधन है।

यह बातें नेता प्रतिपक्ष ने आज जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान कही।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारी सरकार ने शुरुआत के दो सालों में कितना क़र्ज़ लिया उससे चार हज़ार करोड़ ज़्यादा वापस किए। लेकिन वर्तमान सरकार प्रदेश पर आए दिन क़र्ज़ का बोझ बढ़ा रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अपने ख़र्चों पर नियंत्रण करने के बजाय उसे बढ़ा रही है।

सत्ता में आते ही सलाहकारों की फ़ौज खड़ी कर ली, मनमाने तरह से कैबिनेट रैंक दी।

हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा असंवैधानिक करार दिये जाने के बाद भी सीपीएस की नियुक्तियां कर दी और उन्हें तमाम सुविधाएं देकर प्रदेश पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास की यह सबसे असफल सरकार है। जो प्रदेश को आगे ले जाने की बजाय पीछे ले जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार बनने के बाद से कांग्रेस की सुक्खू सरकार द्वारा विकास के सारे काम ठप कर दिये गये हैं।

हज़ार से ज़्यादा संस्थानों को बंद कर दिया गया है। सामाजिक कल्याण के लिए चलाई जा रही स्कीमों के बजट को रोक दिया गया है।

हर चीज के दाम बढ़ा दिये गये हैं। डीज़ल, बिजली, सीमेंट, माल भाड़ा सब कुछ महंगा हो गया हैं, जिसकी वजह से पूरे प्रदेश के लोग परेशान हो रहे हैं। आपदा के समय महंगाई देने वाली यह पहली सरकार है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!