Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर

प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने जिला परिषद काडर के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि यह कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले दो सप्ताह से हड़ताल पर हैं। इसकी वजह से लोगों के कई तरह के काम अधर में लटक गए हैं।

पिछले साल संपन्न हुए विधानसभा चुनाव से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री समेत कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने अपनी पार्टी के सत्ता में आते ही जिला परिषद काडर के कर्मचारियों की मांग पूरी करने का वादा किया था।

लेकिन 10 माह बीत जाने के बाद भी वादा अधूरा है। अपना वादा पूरा करने के बजाए सरकार हड़ताल कर रहे कर्मचारियों को डराने-धमकाने पर उतारू हो गई है।

स्वदेश ठाकुर ने कहा कि 10 माह पूर्व सत्ता में आई कांग्रेस एक के बाद एक जनविरोधी फैसले ले रही है।

जिला परिषद काडर के कर्मचारी पिछले 20 से अधिक वर्षों से ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। इनमें पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, जेई और सेवादार जैसे कर्मचारी शामिल हैं।

सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के साथ ही विकास कार्यों में भी यह कर्मचारी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग में विलय की मांग कर रहे यह कर्मचारी पिछले सप्ताह से हड़ताल कर रहे हैं।

स्वदेश ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पहले मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने इन कर्मचारियों से वादा किया था कि कांग्रेस की सरकार बनते ही मंत्रिमंडल की पहली बैठक में उनकी मांग पूरी की जाएगी। कांग्रेस को सत्ता में आए 10 माह बीत चुके हैं।

इस दौरान मंत्रिमंडल की कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार का वादा पूरा नहीं हो पाया है।

उल्टे इन कर्मचारियों को हड़ताल खत्म करने के लिए डराया जा रहा है। जाहिर है कि कांग्रेस ने केवल सत्ता हासिल करने के लिए झूठे वादे किए थे।

कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोगों के प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, पेंशन व परिवार विभाजन जैसे कई काम अधर में लटक गए हैं। अपने कार्यों को लेकर पंचायतों में पहंुच रहे लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है।

बेहतर होगा कि सरकार अड़ियल रवैया छोड़े और इन कर्मचारियों की मांग पूरी करके अपना वादा पूरा करे, ताकि लोगों की परेशानी भी दूर हो सके।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!