कुल्लू टुडे
कुल्लू
जिला के ऐतिहासिक प्राचीन लोकतंत्र वाले मलाणा गांव में एक बार फिर आग लग गई है। यह आगजनी की घटना देर रात एक बजे पेश आई है। हालांकि अभी तक आगजनी घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन इस घटना में अब तक 12 मकान जलकर राख हो चुके हैं।
देर रात को भड़की इस आग की सूचना ग्रामीणों ने दमकल विभाग को दी और सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंची। लेकिन गांव तक सड़क न होने के कारण यह वाहन गांव से करीब तीन किलोमीटर पीछे खड़े करने पड़े और विभाग की टीम पैदल गांव तक पहुंची। तब तक आग पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी थी।
जबकि ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन 12 मकानों को जलने से नहीं रोक पाये। अभी भी गांव में मकान सुलग रहे हैं। हालांकि दमकल विभाग का दावा है कि आग पूरी तरह से नियंत्रण में है और इस घटना में किसी का जानी नुकसान होने की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। जबकि घटना में करोड़ों के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
बहरहाल दमकल विभाग आगजनी से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों का दल भी राजस्व अधिकारियों के साथ मौके के लिए रवाना हो गया है।
दमकल विभाग के फायर आफिसर दुर्गा सिंह ने बताया कि आगजनी घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन जले मकानों में आग अभी भी सुलग रही है और उसे शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभी तक आगजनी की घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उल्लेखनीय है कि कुछ बरस पहले भी मलाणा गां मेें भयंकर अग्निकांड की घटना हो चुकी है। उसमें भी कोरोड़ों का नुकसान हुआ है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम कुल्लू
आगाजनी घटना की सूचना मिलने के बाद देर रात को एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला भी मौके पर पहुंचे हैं, वह राजस् अधिकारियों के साथ आगाजनी से हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं।
