कुल्लू टूडे
ऊना
हिमाचल प्रदेश के जिला उना मुख्यालय पर स्थित क्षेत्रीय अस्पताल के पास झाड़ियों में एक नवजात शिशु का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है।
मामला उस वक्त ध्यान में आया जब क्षेत्रीय अस्पताल के ही शिशु रोग विशेषज्ञ ने अपने सरकारी आवास से अस्पताल आते समय एक कुत्ते के मुंह में नवजात शिशु की टांग देखी।
चिकित्सक ने तुरंत आसपास छानबीन की तो झाड़ियों में नवजात का बाकी शरीर पड़ा हुआ दिखाई दिया।
उन्होंने फौरन इस घटना के संबंध में अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ रमन कुमार शर्मा को सूचित किया। जिस पर डॉक्टर रमन शर्मा ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात शिशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा।
माना जा रहा है कि इस बच्चे के पैदा होने के बाद ही किसी महिला या लड़की ने इसे इन झाड़ियों में दफना दिया था। लेकिन कुत्तों ने इस बच्चे के शरीर को जमीन से निकालकर नोंचना शुरु कर दिया।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना के संबंध में पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
