कुल्लू टूडे
केलंग
जनजातिय जिला लाहुल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से एक विशेष मुलाकात की। इस दौरान में विधायक रवि ठाकुर व कैप्टन रवीना ठाकुर द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को लाहुल स्पीति में शुरू किए जाने वाली नई परियोजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
विधायक रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन परियोजनाओं में स्पीति घाटी के क्वांग की स्की स्लोप पर स्की लिफ्ट लगाई जानी हैं। लाहुल के सिस्सू में आईस हॉकी रिंक का निर्माण किया जाना है। इसके अलावा त्रिलोकनाथ में स्की लिफ्ट का निर्माण भी प्रस्तावित है। जोवरंग गांव में भी आईस हॉकी स्केटिंग रिंक बनाया जाना है। जिस्पा में भी आईस हॉकी स्केटिंग रिंक बनाया जाना है।
विधायक रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि उक्त सभी नई परियोजनाओं को वर्ष 2023 व 2024 में धरातल पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह जो नई योजनाएं अगामी तीन वर्षों में तैयार की जानी है उनमें केलांग से कारदंग गांव तक स्की लिफ्ट का निर्माण किया जाना है, वहीं विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लाहुल में हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर (एसएआई) का निर्माण भी प्रस्तावित है।
विधायक रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि लाहुल स्पीति में सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहे इसे लेकर भी वह प्रयास कर रहे हैं साथ ही साथ कुछ नई योजनाओं को भी आगामी समय में धरातल पर उतारने जा रहे हैं। लाहुल स्पीति में भी पड़ोसी राज्य जम्मू कश्मीर की तर्ज पर विंटर गेम की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं करवाई जाए ताकि घाटी में विंटर स्पोर्ट्स के साथ विंटर टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास है कि लाहुल स्पीति में विंटर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाए और पर्यटन कारोबार से जुड़े हुए लोगों को इसका लाभ आसानी से मिल सके। यही नहीं घाटी के युवाओं को इस क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार मिले इसे लेकर भी वे प्रयासरत हैं। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि लाहुल स्पीति में रोप वे और हेलीपोर्ट का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिनका प्रारूप भी तैयार किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैप्टन रवीना ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष लाहुल स्पीति में शुरू होने वाली विकासात्मक योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि साहसिक गतिविधियों को लेकर जो भी नई परियोजनाएं उनके समक्ष रखी गई है उनसे सबंधित दस्तावेज भी जल्द से जल्द केंद्रीय खेल मंत्रालय को भेजे जाएं। ताकि इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लाहुल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि लाहुल स्पीति में प्रस्तावित इन सभी परियोजनाओं को युद्ध स्तर पर तैयार किया जाएगा और वे पुरा सहयोग उनका करेंगे। मुख्यमंत्री ने कैप्टन रवीना ठाकुर द्वारा उनके समक्ष लाहुल स्पीति में शुरू होने वाली विकासात्मक योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा करने और सुझावों को काफी सराहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विंटर स्पोर्ट्स और लाहुल स्पीति में पर्यटकों की चहलकदमी को बढ़ाने को लेकर भी सरकार प्रयास करेगी और इस संबंध में जरूरी दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लाहुल स्पीति में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की विंटर गेम का आयोजन भी करवाया जाएगा।
