Spread the love

कुल्लू टुडे

ऊना

छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने गत सायं ऊना विधानसभा क्षेत्र के सनोली गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के लिए लगभग पौने तीन लाख रुपये लागत के कबड्डी खेल के मैट प्रदान किए। इसके अलावा वॉलीबाल व कबड्डी खेलों के लिए छात्रों को खेल सामग्री व किटें भी वितरित की गई। इस मौके पर प्रो कबड्डी स्टार सुरेन्द्र सिंह विशेष रुप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अपने संबोधन में सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों में शैक्षणिक ही नहीं खेल गतिविधियों की दिशा में भी सुधार किया जा रहा है। जिला के विभिन्न स्कूलों में खेलों के मैट के साथ-साथ खेल सामग्री प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और उन पर ही देश की उन्नति व विकास निर्भर करता है। बच्चों को अपनी ऊर्जा का उपयोग सही दिशा में करना चाहिए। नशों से दूर रहकर खेल गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रो कबड्डी स्टार सुरेन्द्र सिंह की मिसाल देते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि प्रो कबड्डी सीज़न आठ में उनकी 55 लाख रुपये की बोली लगाई गई है जो हम सब के लिए गर्व की बात है।

इस मौके पर सतपाल सिंह सत्ती ने कबड्डी के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। इनमें सनोली से सतनाम सिंह जिन्होंने खेलो इंडिया खेलो में 2018, 2019, 2020 में तीन कांस्य मैडल जीते। इसके इलावा जगरूप सिंह मलूकपुर, दिनेश द्विवेदी और अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि रावमापा सनोली के नए कमरों के निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की डीपीआर तैयार की गई थी। उसमें से 43 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं और शीघ्र ही इन कमरों का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। स्कूल द्वारा खेल मैदान में बास्केट बाल के कोर्ट की मांग करने पर सतपाल सिंह सत्ती ने आश्वासन दिया कि इस बारे संबंधित विभाग से बात करके यथासंभव कार्यवाही की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में कबड्डी का एक फ्रेडली मैच भी करवाया गया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!