कुल्लू टूडे
कुल्लू
जिला में नशे के चलन और तस्करी को रोकने के लिए पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी चाहे वह छोटी मात्रा में नशे की तस्करी करने का हो या फिर बड़ी मात्रा में किसी को भी नहीं बक्शा जाएगा। इसके लिए पुलिस हर चप्पे चप्पे पर मुस्तैद रहेगी।
यह बात एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने कुल्लू के जिला परिषद हाल में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही।
जिला कुल्लू में नशा तस्करी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी निष्ठा के साथ काम करेगी।
उन्होंने कहा कि घाटी में महिलाओं की सुरक्षा पर भी पुलिस काम करेगी ताकि महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस करे।
उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू की पार्वती वैली से पर्यटकों के लापता होने के मामलों को ध्यान में रखते हुए पुलिस पर्यटन से जुडे़ स्टेक होल्डर, पर्यटन विभाग और संबंधित विभागों के साथ मिलकर प्लान तैयार किया जाएगा ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और घाटी आने वाले पर्यटक अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस का यह भी तारगेट है कि पुलिस नशा तस्करी करने वालों की संपत्ति को भी जब्त करें। उन्होंने कहा कि व्यक्ति ने नशो की तस्करी से जो संपत्ति कमाई होगी उसे पुलिस सीज करेगी।
उन्होंने कहा कि चाहे भुंतर कस्बा हो या फिर पर्यटन नगरी मनाली, मणिकर्ण हो यहां बढ़ती जाम की स्थिति से निपटने के लिए भी पुलिस काम करेगी ताकि सैलानियों को जाम में परेशान न होना पडे़ और स्थानीय लोगों के लिए भी जाम परेशानी का सबब न बने।
