Spread the love

कुल्लू टूडे

चंबा

ऐतिहासिक चंबा चौगान के सौंदर्यकरण और आवश्यक रखरखाव से संबंधित कार्यों को शुरू कर दिया गया है।

सदर विधायक नीरज नैय्यर ने जानकारी देते हुए बताया कि सौंदर्यकरण और आवश्यक रखरखाव कार्यों को स्थानीय प्रशासन के साथ कृषि एवं उद्यान विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों – बागबानों और स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग की देखरेख में शुरू कर दिया गया है। बहुत जल्द चंबा के इस ऐतिहासिक चौगान का वास्तविक स्वरूप देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि चौगान के सौंदर्यकरण और रखरखाव से संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि का प्रावधान भी कर दिया गया है। सौंदर्यकरण और आवश्यक रखरखाव से संबंधित कार्यों के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा एक विस्तृत कार्य योजना को तैयार किया गया है।

आवश्यक रखरखाव और सौंदर्यकरण कार्यों के लिए विशेषज्ञ परामर्श के साथ स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग के सुझावों को भी इस कार्य योजना का हिस्सा बनाया गया है।

चौगान के घास रहित खाली हिस्सों में पैच के आधार पर दूब घास को वैज्ञानिक विधि से लगाने के साथ खरपतवारों को हटाया जा रहा है।

नीरज नैय्यर ने यह भी कहा कि चंबा चौगान का एक ऐतिहासिक महत्व है और चंबा की शान इस चौगान की गरिमा को बनाये रखना हम सब का कर्तव्य भी है।

गौरतलब है कि सदर विधायक नीरज नैय्यर ने कुछ समय पहले ऐतिहासिक चंबा चौगान के सौंदर्यकरण और रखरखाव से संबंधित कार्य को लेकर विभिन्न विभागीय अधिकारियों और स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग के साथ बैठक की थी।

इस दौरान सौंदर्यकरण और रखरखाव के कार्य को 30 जनवरी से आरंभ करने का निर्णय लिया गया था, परंतु भारी बारिश के कारण रखरखाव कार्य 31 जनवरी से शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!