कुल्लू टुडे
ऊना
ळमिाचल प्रदेश के जिला ऊना शहर में सब्जी की दुकानों पर रेट लिस्ट न लगाने वालों के विरुद्ध खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कसा है, जिससे हड़कंप मच गया। मंगलवार को ऊना में विभागीय अधिकारियों ने 40 दुकानों का निरीक्षण किया व रेट लिस्ट न लगाने पर 145 किलो सब्जियां व फल जब्त किए।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला नियंत्रक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राजीव शर्मा ने कहा कि विभाग के निरीक्षकों ने ऊना शहर में मिठाई, किराने व सब्जी की कुल 40 दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां सब्जियां व फल जब्त किए गए, वहीं पॉलीथीन का उपयोग करने वाले दो दुकानदानों पर एक-एक हज़ार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
शर्मा ने कहा कि सभी सब्जी विक्रता अपनी दुकानों पर रेट लिस्ट लगाना सुनिश्चित करें तथा पॉलीथीन का प्रयोग बिलकुल न करें। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक स्थानों पर घरेलू सिलेंडर का उपयोग अवैध है। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई करता रहेगा।
