कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
बिलासपुर नगर के परिधि गृह में शुक्रवार को बिलासपुर ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कदावार नेता राम लाल ठाकुर ने प्रैस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। दशकों से कांग्रेस की सेवा कर रहे राम लाल ठाकुर इस वार्ता में इतने भावुक हुए कि उनकी आंखो से आंसू निकल आए। सोशिल मीडिया पर यह समाचार जंगल में आग की तरह फैल गया।
राम लाल ठाकुर ने रूंधे गले से कहा कि कांग्रेस में अनुशासन समाप्त हो रहा है। हर कोई स्वयं को बतौर सीएम प्रोजेक्ट करने पर तुला है जबकि वर्तमान समय कांग्रेस को एकजुट करने का है लेकिन स्वार्थ परायणता इतनी हावी हो चुकी है कि व्यक्ति विशेष स्वयं को पार्टी से उपर समझ रहा है, जो कि कांग्रेस पार्टी की संस्कृति नहीं है। राम लाल ने कहा कि वे बिना किसी पद से कांग्रेस में रहकर सेवा करने के लिए तैयार है।
राम लाल ने खुले मन से कहा कि वे छदम राजनीति से परहेज करते हैं तथा यदि हाईकमान श्री नयना देवी जी विस क्षेत्र से किसी योग्य व्यक्ति को उम्मीदवार बनाना चाहती है तो शौक से बनाए वे इसका समर्थन ही नहीं बल्कि पूर्ण साथ भी देंगे।
उल्लेखनीय है कि राम लाल ठाकुर पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र के करीबियों में शुमार होते थे। किंतु वीरभद्र सिंह के जाने के बाद हिमाचल कांग्रेस में इन्हें हाशिए से परे धकेलने की पूरी कोशिश की गई।
