कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता संदीप सांख्यान ने कांग्रेस पार्टी से विधायक पद के लिए आवेदन करने के उपरांत कहा कि अब भाजपा के दोहरे चरित्र को समझने का समय आ गया है। उन्होंने विकास का राग अलापने वाले भाजपाईयों से सवाल किया कि पिछले पौने पांच सालों में कितने युवाओं को रोजगार दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपाईयों द्वारा वास्तव में करोड़ों के विकास के आंकड़े पेश किए जा रहे हैं तो इस विकास के बयार में स्थानीय जनता के कितने युवाओं को रोजगार मिला है , कितने लोगों को व्यापार और कितनी महिलाओं को सशक्त बनाया गया है, का जबाव भी इन्हें देना चाहिए।
उन्होंने अपने विजन डाक्यूमेंट का एक पार्ट जारी करते हुए कहा कि अब तक छाती पीट पीट कर चिल्लाने वाले भाजपा नेताओं द्वारा विकास में लगभग कुल 13 हजार 169 करोड़ व्यय हो चुके हैं लेकिन आंकड़ों के मायाजाल में फंस रहे मासूम लोगों को मासूमियत छोड़ इसकी सत्यता की स्वयं जांच करनी होगी।
उन्होंने कहा कि पुराने मंदिरों के जीर्णोद्वार में बरती गए तेजी से साफ हो गया कि चंद दिनों में यह मसला भी जलमग्न होने वाला है, और हुआ भी ऐसा ही। झूठी लोकप्रियता के लालसी भाजपा नेता ऐसी हरकतें कर समाज में हंसी का पात्र बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि करोड़ों की हांकने वाले भाजपा नेता बता दें कि बिलासपुर में करीब 35 हजार बेरोजगार युवाओं में से कितनों को रोजगार दिया। इसके विपरीत राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र की चिट पर एम्स में उच्च स्तर के शिक्षित बच्चों केा सुरक्षा कर्मी रखने के लिए सिफारिश ही नहीं की जा रही बल्कि नोयडा में इनके साक्षात्कार करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में इतने करोड़ विकास पर व्यय हुए हैं तो यह विकास दिखाई क्यों नहीं दे रहा है। केवल सोशिल मीडिया पर स्वयं देख प्रसन्न होने वाले भाजपा नेताओं को आगामी चुनावों में जबाव देना मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों में मंहगाई ने तो आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। रसोई गैस सिलेंडर आज 1080-1135 मिल रहा है। डीजल पैट्रोल, खाद्य तेल, सरिया, सीमेंट, मोबाइल रिचार्ज आदि में पिछले पांच सालों में 25 से 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने एक अभियान जन-जन के नाम पोस्टर भी लांच किया। उन्होंने कहा कि इस पोस्टर को वे जन-जन के बीच ले जाने की बात की।
