Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के चोज व मलाणा नाला में पिछले दिनों बादल फटने की घटना के बाद ऐतिहासिक गांव मलाणा में हालात अभी भी सामान्य नहीं हुए हैं। गांव में जहां बिजली गुल है। वहीं मलाणा को जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग भी कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है। जिसके चलते गांव तक खाद्य सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक उनके पास अब खाने के लिए राशन भी कम पड़ गया है।

वीरवार को मलाणा गांव के बाशिंदे पंचायत प्रधान की अगुवाई में अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत सरकैक से मिले और उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में अवगत करवाया।

मलाणा पंचायत के प्रधान राजू राम ने अतिक्ति उपायुक्त को गांव की समस्या से अवगत करवाते हुए कहा कि मलाणा में न तो बिजली है। न ही पानी है। सड़क भी बाधित है। साथ ही लोग खाद्य सामग्री भी गांव तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बीमार लोगों को पीठ पर उठाकर जान जोखिम में डालकर कई किलोमीटर दूर लाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के बाद मलाणा में शाउण मेला होना है। जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु मलाणा आएंगे। अगर उन्हें समय रहते राशन नहीं मिला तो मुश्किलें और बढ़ेगी। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन व सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत सरकैक ने कहा कि मलाणा गांव के लोगों ने ने अपनी बात रखी है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जाकर मौके का मुआयना किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिजली, पानी बहाली के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!