Spread the love

कुल्लू टुडे

कुल्लू

ज़िला डिटेक्शन सेल, कुल्लू की टीम द्वारा बीते 17 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर पनकुटी-जकलेहड़ कैंची मोड़ पर सुमित कुमार पुत्र हीरा लाल, निवासी गांव जकड़ेहड़, डाकघर दोघरी, तहसील कुल्लू तथा तापे राम पुत्र हेत राम, निवासी गांव सुम्मा, डाकघर डुग्गीलग, तहसील कुल्लू को रोककर नियमानुसार तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान उनके बैग से चरस बरामद हुई ।

पुलिस कार्यवाही के दौरान ग्राम पंचायत मानगढ़ की प्रधान शांति देवी, उनके पति जीत राम तथा पंचायत उप-प्रधान राजेन्द्र भी मौके पर पहुंचे।

इसके बाद उपरोक्त प्रधान, उप प्रधान सहित लगभग 30-40 स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और पुलिस टीम तथा स्वतंत्र गवाह पर हमला करके दोनों उपरोक्त व्यक्तियों एवं बरामद चरस को बलपूर्वक अपने साथ ले गए। घटनास्थल पर बची हुई 508 ग्राम चरस को पुलिस ने कब्जे में लेकर नियमानुसार सील किया ।

इस घटना में एक पुलिस कर्मी एवं एक स्वतंत्र गवाह घायल हुए। मौके पर छूटे दोनों व्यक्तियों के मोबाइल फोन भी पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए हैं ।

इस संदर्भ में पुलिस थाना कुल्लू में NDPS Act की धारा 20 व 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 191(2), 121(1), 115(2) व 61(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटना में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!