Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

बिलासपुर में दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष अपने आयोजन की रजत जयंती मना रही है। समिति की संस्थापक डॉ. मल्लिका नड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले 25 वर्षों से आयोजित हो रहा यह उत्सव हिमाचल और बंगाल की पूजा पद्धतियों के अनूठे संगम के रूप में पहचान बना चुका है। लोगों के सहयोग से यह आयोजन आज धार्मिक अनुष्ठान के साथ भव्य सांस्कृतिक उत्सव का रूप ले चुका है।

डॉ. मल्लिका नड्डा ने बताया कि दुर्गा पूजा की शुरुआत 25 वर्ष पहले तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी की पत्नी प्रतिमा राय के सहयोग से की गई थी। समय के साथ लोगों की सहभागिता बढ़ती गई और आयोजन का विस्तार होता चला गया।

उन्होंने कहा कि समिति बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करती है। यहां अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले कई बच्चे आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर चुके हैं।

आयोजन में महिला मंडलों और अन्य समितियों की सहभागिता भी रहती है, जिससे सामूहिक सहयोग और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है।

रजत जयंती पर तीन दिन होगा गरबा
इस वर्ष रजत जयंती को खास बनाने के लिए तीन दिनों तक गरबा नृत्य का आयोजन किया जाएगा।

इससे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष आकर्षण मिलेगा।
समिति का प्रयास है कि बच्चों, युवाओं और महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

डॉ. नड्डा ने बताया कि सप्तमी और अष्टमी की पूजा के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके उपरांत दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी इस अवसर पर भाग लेंगे।

इस मौके पर दुर्गा पूजा समिति के सचिव प्रमोद शर्मा, आयोजन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पंडित, स्वदेश ठाकुर और प्रविंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!