कुल्लू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस की झूठी गारंटियों, बढ़ते कर्ज और ठप्प पड़े विकास का जवाब देने के लिए तैयार है।
विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे करने वाली कांग्रेस आज उन वादों को पूरा करने के सवाल पर जवाब देने से बच रही है।
प्रदेश की जनता को घोषणाएं नहीं, धरातल पर काम चाहिए, लेकिन सुक्खू सरकार का ध्यान जनसमस्याओं के समाधान के बजाय अपनी राजनीतिक छवि चमकाने पर केंद्रित नजर आता है।
डॉ. राजीव बिंदल शनिवार को जिला भाजपा कुल्लू की विशेष बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक जिला अध्यक्ष अमित सूद की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के समय जनता को दस गारंटियों के नाम पर बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार और प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के वादे किए गए, लेकिन आज इन वादों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखनी होगी। कांग्रेस को बताना चाहिए कि उसने चुनावों में किए गए वादों में से कितने पूरे किए और कितने अब भी अधूरे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है, क्योंकि एक ओर जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ने की चिंता बनी हुई है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सरकारी खर्चों को लेकर जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। भाजपा इस मुद्दे को गांव-गांव और घर-घर तक लेकर जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में गरीबों, जरूरतमंदों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए शुरू की गई हिमकेयर और सहारा जैसी योजनाओं को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली ने लाभार्थियों की चिंताएं बढ़ाई हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इन योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर सहायता और उपचार का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। गरीबों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ एक लाख दस हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने का मुद्दा गंभीर है। सरकार को बताना चाहिए कि इस कर्ज से प्रदेश की जनता को कितनी राहत मिली और कितने विकास कार्य धरातल पर पूरे हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में सड़क और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्य आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार को अपने वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों पर खर्च की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपनी जिम्मेदारियों से बचने के बजाय रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार के दावों और जमीनी स्थिति के बीच के अंतर को सामने रखेंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कस लें। प्रत्येक मंडल और बूथ पर संगठन को मजबूत करें तथा कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों, वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों से जुड़े सवालों को जनता के सामने उठाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और सरकार की नीतियों के संबंध में लोगों को तथ्यों के आधार पर जागरूक करना होगा।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता के मुद्दे, सरकार का कामकाज और कांग्रेस की गारंटियों का हिसाब प्रमुख विषय होंगे।
