Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

नाबार्ड के सौजन्य से जिला वित्तीय साक्षरता केंद्र बिलासपुर द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत लुहारवीं के रच्छेड़ा गांव में एक दिवसीय वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में ग्रामीणोंए स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं के सुरक्षित उपयोग, वित्तीय योजनाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।

हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक घुमारवीं के शाखा प्रबंधक पुनीत महाजन ने बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अपने बैंक खातों में नामांकन करवाने और समय पर केवाईसी अपडेट करवाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि खाते में नामांकन होने से खाताधारक की मृत्यु के बाद उसके परिजनों को जमा राशि प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होती।

उन्होंने एटीएम, गूगल पे, फोन पे, भीम एप और हिम पैसा सहित डिजिटल भुगतान के विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी सांझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए।

शिविर में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अलावा सशक्त महिला ऋण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, सपनों का संचय तथा बैंक की अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

पुनीत महाजन ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से छोटी.छोटी बचत को प्रोत्साहित करने तथा बैंकिंग गतिविधियों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ ऑनलाइन ठगी के मामले भी बढ़ रहे हैं, इसलिए जागरूक रहना और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

शिविर में शाखा प्रबंधक पुनीत महाजन के अलावा श्वेता शर्मा, मोहम्मद यासीन स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!