कुल्लू टुडे
सैंज
पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी दिवस 2026 के अवसर पर आज हिंदी पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवीण कुमार, महाप्रबंधक (सिविल) व रंजीत कुमार, महाप्रबंधक (यांत्रिक) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया।
अपने संबोधन में प्रवीण कुमार, महाप्रबंधक (सिविल) सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी कार्य-संस्कृति, भावनाओं और राष्ट्रीय एकता से जुड़ी भाषा है।
उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन पर बल दिया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि पार्बती-III पावर स्टेशन में 14.9.2026 से 29.9.2026 तक मनाए जा रहे हिंदी पखवाड़े में सक्रिय रूप से भाग लें और राजभाषा हिंदी के प्रयोग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएँ तथा अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लें।
इस अवसर पर हिंदी प्रश्नमंच का आयोजन किया गया। प्रश्नमंच में हिंदी भाषा, साहित्य, व्याकरण, राजभाषा, से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने उत्साह और रुचि के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए।
प्रश्नमंच के माध्यम से कार्मिकों के हिंदी ज्ञान को परखने के साथ-साथ हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता को भी प्रोत्साहित किया गया।
सभी प्रतिभागियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं राजभाषा संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
जी. टी. एस. राजू , समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं.) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा 2026 के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम हिंदी के प्रति जागरूकता, सहभागिता और कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
कार्यक्रम में पावर स्टेशन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
