Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

संकल्प सेलिंग एक्सपीडिशन-2026’ के चौथे दिन एनसीसी कैडेट्स ने साहसिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों का संदेश भी दिया।

कैडेट्स ने जहां 8 किलोमीटर की ट्रैकिंग पूरी कर अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया, वहीं 22 किलोमीटर की सेलिंग के दौरान स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया।

दिन की शुरुआत हल्के व्यायाम से हुई।
इसके बाद कैडेट्स बंदला हिल्स क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए रवाना हुए। निहाल-कुनाला के आसपास कैडेट्स ने करीब 8 किलोमीटर का पैदल सफर पूरा किया।

इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक परिवेश को करीब से जाना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का अनुभव हासिल किया।

ट्रैकिंग के बाद चलाया स्वच्छता अभियान
ट्रैकिंग के समापन के बाद कैडेट्स ने ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया।

उन्होंने आसपास के स्थानों की सफाई करने के साथ स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

कैडेट्स ने संदेश दिया कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इसके बाद कैडेट्स ने मझासू से औहर होते हुए कंगर कोठी तक नौकायन किया।

अभियान के चौथे दिन उन्होंने कुल 22 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की और इसके बाद बिलासपुर लौटे।

औहर में जल संरक्षण को लेकर निकली जागरूकता रैली
सेलिंग अभियान के दौरान औहर पहुंचने पर जल संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई।

कैडेट्स ने ‘जल है तो कल है’ का संदेश देते हुए लोगों को पानी के महत्व, जल स्रोतों के संरक्षण और पानी की बर्बादी रोकने के लिए जागरूक किया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर के एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने अभियान में शामिल कैडेट्स का स्वागत किया। स्थानीय विद्यार्थियों की भागीदारी से कार्यक्रम में खासा उत्साह देखने को मिला।

अभियान के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है।

जल स्रोतों का संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है, क्योंकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी जल की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अपने अनुशासन और जागरूकता के माध्यम से समाज को पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश दे रहे हैं।

‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ का उद्देश्य केवल साहसिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि कैडेट्स को पर्यावरण और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

चौथे दिन 4 एचपी बटालियन आर्मी एनसीसी यूनिट, हमीरपुर के कमान अधिकारी कर्नल जीपी सिंह ने भी अभियान में पहुंचकर कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने कैडेट्स से बातचीत करते हुए ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ को चुनौतीपूर्ण और व्यक्तित्व विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण अभियान बताया।

कर्नल जीपी सिंह ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहस और टीम भावना विकसित होती है।

उन्होंने बताया कि आरडीसी बैनर के लिए भी यह अभियान महत्वपूर्ण है और इसके लिए 15 अंक निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने कैडेट्स को पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। एक ही दिन में ट्रैकिंग और सेलिंग के जरिए कैडेट्स ने जहां अपनी शारीरिक एवं मानसिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

वहीं स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण रैली के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!