कुल्लू टुडे
बंजार
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार के कलाकेंद्र में सोमवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी द्वारा किया गया।
इस दौरान बंजार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की पहली पाठशाला और गांवों के विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं।
जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है, अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे इस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांव की वास्तविक समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं और सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे अहम है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत और जवाबदेह पंचायती नेतृत्व समय की आवश्यकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों को प्राथमिकता देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
