Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर,कश्मीर ठाकुर

शिक्षक दिवस के अवसर पर भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश की ओर से घुमारवीं के एम4यू होटल में राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया गया।

समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 55 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चंबा से सिरमौर और लाहौल-स्पीति से किन्नौर तक 800 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया।

राज्यसभा सांसद एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार समारोह के मुख्य अतिथि रहे।

डॉ. मल्लिका नड्डा और भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। सम्मानित शिक्षकों को शॉल, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।

प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व और संस्कारों का निर्माण करते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

डॉ. मल्लिका नड्डा ने समावेशी शिक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानने और उन्हें समान अवसर देने की आवश्यकता बताई।

इस दौरान शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।

समारोह में विधायक जीत राम कटवाल, त्रिलोक जमवाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षाविद और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!