कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने विकास कार्यों को लेकर झंडूता विधायक को घेरा है। उन्होंने कहा है कि विधायक विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन क्षेत्र की जनता भलिभांति जानती है कि जिन विकास कार्यों का श्रेय विधायक लेने का प्रयास कर रहे हैं, वह वर्तमान कांग्रेस सरकार की देन है।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महाासचिव विवेक कुमार ने कहा है कि प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न सड़कों के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन सड़कों के साथ ही अन्य विकास कार्यों को लेकर बाकायदा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष मसला रखा गया था। जिसके चलते सरकार की ओर से यह राशि मुहैया करवाई गई है।
उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का विधायक द्वारा अब श्रेय लेना शुरू किया है, वह कार्य करीब दो माह पहले ही स्वीकृत हो चुके थे। लेकिन अब दो माह बाद विधायक को विकास कार्यों की याद आने लगी है।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं से शाहतलाई एमडीआर रोड़ का श्रेय भी विधायक लेना चाह रहे हैं। इसके अलावा बरठीं अस्पताल की सड़क, दसलेहड़ा खमेहड़कलां पुल व अप्रोच रोड़ के लिए राशि स्वीकृत हुई है। झंडूता विधायक इन विकास कार्यों को अपना बता रहे हैं।
विवेक कुमार ने कहा कि यदि विधायक द्वारा यह कार्य स्वीकृत करवाए गए हैं, तो इसके लिए उन्हें सरकार का आभार जताना चाहिए। लेकिन सरकार का आभार विधायक ने नहीं जताया है। उन्होंने कहा कि विधायक अब जनता को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन अब जनता इनके बहकावे में नहीं आएगी।
उन्होंने कहा कि विधायक को अपनी विधायक निधि को लेकर भी श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। विधायक द्वारा कहां पर विधायक निधि खर्च की गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार झंडूता विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवा रही है। जिनका लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी भविष्य में भी क्षेत्र की जनता की समस्या सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। ताकि जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए लाखों की राशि मुहैया करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखबिंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है।
