Spread the love

कुल्लू टुडे

केलांग, ओम बौद्ध

पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने कहा है कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की कार्यशैली पर जनता को पूरा भरोसा रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जहालमा नाले में क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया पुल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और बीआरओ ने एक माह के भीतर इसे तैयार करने का आश्वासन दिया है।

बुधवार को रवि ठाकुर ने निर्माणाधीन जहालमा पुल स्थल का निरीक्षण कर बीआरओ अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बीआरओ पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी के साथ कार्य में जुटा हुआ है, इसलिए लाहौल की जनता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि नया पुल तैयार होने से किसानों सहित आम लोगों को जल्द राहत मिलेगी और आवागमन सुचारू हो सकेगा।

रवि ठाकुर ने आरोप लगाया कि कुछ नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर अपनी रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कृषि गतिविधियों का महत्वपूर्ण दौर है और किसान खेती-किसानी के कार्यों में व्यस्त हैं, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए किसानों और महिलाओं को रैलियों में शामिल कर रहे हैं।

कुकुमसेरी महाविद्यालय के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कॉलेज को पुनः संचालित रखने के लिए उन्होंने जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की है तथा इस संबंध में महामहिम राज्यपाल को भी ज्ञापन सौंपा गया है।

उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि बीआरओ निर्धारित समय के भीतर जहालमा नाले पर नया पुल तैयार कर क्षेत्र की जनता को राहत प्रदान करेगा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!