कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की जुखाला पंचायत से उपप्रधान पद पर नलवाड़ गांव की निवासी रूपा शर्मा ने शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है।
खास बात यह रही कि यह सीट इस बार अनारक्षित थी और उन्होंने पुरुष उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला करते हुए जीत हासिल की। रूपा शर्मा भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
हालांकि पार्टी द्वारा इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार को अधिकृत किया गया था, लेकिन क्षेत्र की जनता के आग्रह पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया। जनता के व्यापक समर्थन ने उन्हें मजबूती दी और अंततः वे विजयी रहीं।
रूपा शर्मा ने अपनी जीत को जनता की जीत बताते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें आगे आने के लिए प्रेरित किया और मजबूर किया कि वे चुनाव लड़ें ताकि वे उनकी आवाज बन सकें।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के विश्वास और आशीर्वाद का परिणाम है।
उन्होंने यह भी बताया कि वे जिले की पहली ऐसी महिला उपप्रधान बनी हैं जिन्होंने ओपन सीट से चुनाव जीतकर मिसाल कायम की है।
साथ ही नलवाड़ गांव को राजाओं के समय से लेकर आज तक प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी या जिला परिषद जैसे किसी भी प्रमुख पद का प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया था। ऐसे में यह जीत गांव के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है।
रूपा शर्मा ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।
उन्होंने विशेष रूप से नशे के खिलाफ अभियान चलाने का संकल्प लिया और कहा कि पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी को सुरक्षित और बेहतर भविष्य मिल सके।
