Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, हेमराज शर्मा

बरमाना वार्ड से जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार राजेश कुमार ने पार्टी के ही वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं ने उन्हें हराने की पूरी कोशिश की, बावजूद इसके उन्होंने करीब 3000 वोट हासिल किए।

राजेश कुमार ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान और ब्लॉक अध्यक्ष मस्तराम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद और अपने व्यक्तिगत संबंधों के चलते ही उन्हें यह समर्थन मिला।

उन्होंने दावा किया कि विभिन्न स्रोतों और सीआईडी रिपोर्ट के आकलन के अनुसार उनकी स्थिति जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन ऐन मौके पर कांग्रेस के छह-सात शीर्ष नेताओं ने आंतरिक कलह और भड़ास निकालने के लिए उन्हें निशाना बनाया।

उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने वार्ड की सभी 13 पंचायतों में प्रत्येक को 1,00,000 रुपए देने की घोषणा की थी। इसके साथ ही महिला मंडलों को 15,000 रुपए स्वयं सहायता समूहों को 11,000 रुपए और युवाओं के लिए 1,000 रुपए की स्पोर्ट्स किट देने का भी वादा किया था।

उनका आरोप है कि इन घोषणाओं से कुछ कांग्रेस नेताओं को असहजता हुई और उन्हें आशंका हुई कि यदि ये वादे पूरे हो गए तो भविष्य में उनके लिए राजनीतिक चुनौती खड़ी हो सकती है।

राजेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के ही कुछ लोग पार्टी की किश्ती डुबाने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई नेताओं ने न सिर्फ उनकी मदद नहीं की बल्कि मतदाताओं को उन्हें वोट न देने के लिए प्रेरित किया और उनके वोट काटने का काम किया।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें बंबर ठाकुर का आदमी कहकर प्रचारित किया जबकि उन्हें कांग्रेस पार्टी द्वारा आधिकारिक रूप से उम्मीदवार घोषित किया गया था। उन्होंने इसे पार्टी के भीतर गुटबाजी का उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे कांग्रेस का वोट बैंक कमजोर हुआ और अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा पहुंचा।

राजेश कुमार ने पार्टी नेतृत्व से मामले पर संज्ञान लेने और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!