कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
भाखड़ा विस्थापितों के शहर के डियारा सेक्टर स्थित वार्ड नंबर-8 में पिछले चार दिनों से गहराए पेयजल संकट ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं, मजबूरन लोगों को पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र के कई घरों में एक बूंद तक पानी नहीं पहुंच पाया है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि लोगों को निजी पानी के टैंकर मंगवाकर अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। एक ओर गर्मी लगातार बढ़ रही है तो दूसरी ओर पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।
ऐसे में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पीने के पानी से लेकर घरेलू कार्यों तक के लिए भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
क्षेत्र के लोगों ने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि विभाग हर साल गर्मियों में पानी की किल्लत न होने के बड़े.बड़े दावे करता है।
लेकिन धरातल पर स्थिति बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। शहर के बीचों.बीच बसे वार्ड नंबर.8 में चार दिनों से पानी की सप्लाई ठप्प होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।
स्थानीय निवासी विजय, संदीप, विकास, अजय, गुरूविंद्र सिंह, काला सिंह, अनिता देवी, पूनम कुमारी और प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि जिन लोगों ने देश की उन्नति के लिए अपना सर्वस्व होम किया है, उनके घरों में पानी की दिक्कत हो रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से उनके घरों में पानी नहीं आ रहा है। इस समस्या को लेकर लगातार जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है, लेकिन विभाग की ओर से केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि विभाग के कर्मचारी रोजाना आज समस्या ठीक हो जाएगी या कल पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी कहकर चले जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं हो रहा। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष पैदा हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी की कमी के चलते उन्हें निजी टैंकरों पर पैसा खर्च करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। कई परिवारों को रोजाना सैकड़ों रुपये खर्च कर पानी खरीदना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी की व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो वार्ड के लोग खाली घड़े और बर्तन लेकर जल शक्ति विभाग कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।
वहीं इस संबंध में अधीक्षण अभियंता
जलशक्ति विभाग बिलासपुर राहुल दुबे का कहना है कि मामला ध्यान में आया है। कर्मचारियों को पानी की समस्या को जल्द दूर करने के आदेश जारी किए गए हैं। समस्या जल्द हल हो जाएगी और लोगों को पर्याप्त पानी घरद्वार पर मिलेगा।
