कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
औहर पंचायत के अप्पर भंजवानी गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने.चांदी के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात के दौरान चोरों ने घरों में सो रहे परिजनों को बाहर से कुंडी लगाकर कमरों में बंद कर दिया। जिससे सुबह तक उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार झंडूता थाना के तहत अप्पर भंजवानी गांव में चोरों ने मनोज कुमार पुत्र नंद लाल के घर में वारदात को अंजाम दिया। उस समय मनोज कुमार की पत्नी और बच्चे घर में सो रहे थे।
चोरों ने बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी और दूसरे कमरे में रखे करीब 84 ग्राम सोने के गहने तथा 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
इसके बाद चोरों ने करीब 50 मीटर दूरी पर स्थित राजीव पुत्र सुभाष गौतम के घर को निशाना बनाया। यहां से भी लाखों रुपये के सोने.चांदी के गहनों के अलावा चार हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई।
सुबह जब परिजनों की आंख खुली और उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया तो दरवाजे बाहर से बंद मिले।
इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने बाहर से दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला।
जब परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में पहुंचे तो वहां अलमारी और सामान बिखरा पड़ा था तथा गहने और नकदी गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों के सुराग तलाशने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इसी औहर पंचायत में तीन दिन पहले भी चोरों ने तीन घरों में सेंध लगाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी की थी।
अब महज कुछ दूरी पर दो और घरों में चोरी होने से लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है।
औहर पंचायत के पूर्व उपप्रधान रणजीत वर्धन ने कहा कि पंचायत में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
