कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
जिला बिलासपुर के बैरी मान्नर गांव निवासी युवा अभिनेता अभिषेक भारद्वाज ने आज जिला उपायुक्त राहुल कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे।
हाल ही में अभिषेक को फिल्म भूत बंगला में अभिनय करने का अवसर मिला है, जिसे लेकर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
भेंट के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने अभिषेक से उनके अभिनय सफर, फिल्म में निभाई गई भूमिका और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने अभिषेक की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि जिले के युवाओं का इस तरह फिल्म जगत में आगे बढ़ना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने आशा जताई कि अभिषेक आगे भी अपनी मेहनत और लगन से नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे।
अभिषेक भारद्वाज ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिल्म भूत बंगला में काम करना उनके लिए एक बड़ा अवसर रहा है और उन्होंने इस दौरान कई नई चीजें सीखीं।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में भी बेहतर अभिनय कर अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करना है।
इस दौरान अभिषेक के माता-पिता ने भी खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वहीं उपायुक्त ने अभिषेक को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
