Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

कला, खेल और साहित्य की दुनिया में बिलासपुर का नाम शिद्दत से लिया जाता है। क्योंकि बिलासपुर की होनहार प्रतिभाएं न सिर्फ प्रदेश बल्कि बाॅलीवुड और विदेशों तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।

इसी कड़ी में बिलासपुर शहर के लखनपुर वार्ड से ताल्लुक रखने वाले स्वर्गीय रोशन लाल और मीरा देवी की सुपुत्री मीनाक्षी भारद्वाज ने अपने हुनर और सम्मान से एक बार फिर से जिला को गौरवान्वित किया है।

गेयटी थियेटर शिमला में संपन्न एक सम्मान समारोह में मीनाक्षी भारद्वाज को हिमाचल अचीवर अवार्ड-2026 के पुरस्कार एवं सम्मान से नवाजा गया है।

यह अवार्ड उन्हें माॅडलिंग और एंकरिंग के क्षेत्र में लंबे समय से अपना उत्कृष्ट योगदान देने के लिए दिया गया।

मीनाक्षी भारद्वाज का विवाह देवेंद्र वर्मा सुपुत्र स्वर्गीय जगदीश चंद वर्मा के साथ हुआ है, जो वर्तमान में स्टेट नोडल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।

इनकी प्रारंभिक एवं उच्चतर शिक्षा बिलासपुर शहर में ही हुई। बचपन से कुछ अलग करने के शौक ने इन्हें इस स्तर पर पहुंचाया।

गौरतलब है कि वर्ष 2005 जब इंटरनेट सोशल मीडिया से लोगों का दूर.दूर तक नाता नहीं था उस समय मीनाक्षी ने मॉडलिंग और एंकरिंग की दुनिया में टी.सीरीज बॉलीवुड के सिंगर और देश की नामी गिरामी हस्तियों के साथ हिंदी और पहाड़ी म्यूजिक एल्बम में कार्य कर जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

इन्होंने मॉडलिंग में अपना करियर वर्ष 2005 में शुरू किया तथा लगातार कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया और प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की।

जिसमें 2005 में मिस बिलासपुर विजेता, 2007 में मिस शिमला विजेता, इसी वर्ष मिस ब्यूटीफुल आईस (मिस पंजाबी कांटेस्ट नोयडा) यह प्रतियोगिता पीटीसी पंजाबी और जी पंजाबी टीवी चैनल्स द्वारा आयोजित की गई थी। मीनाक्षी ने मॉडलिंग के साथ.साथ एंकरिंग के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई।

उन्होंने मशहूर पंजाबी काॅमेडियन चाचा रौणकी राम को-होस्ट के तौर पर मंच सांझा किया है। मीनाक्षी भारद्वाज ने कई हिंदी और पहाड़ी म्यूजिक एल्बम में भी काम किया है।

उन्होंने बॉलीवुड और हिमाचली गायकों के साथ कई स्टेज शो होस्ट किए हैं और अपने प्रदर्शन से दर्शकों की खूब सराहना पाई।

मीनाक्षी भारद्वाज वर्मा का कहना है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को मॉडलिंग और एंकरिंग से जुड़े टिप्स देती रहती हैं, ताकि हिमाचल के युवा भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

लगभग दो दशकों से अधिक समय से मॉडलिंग और एंकरिंग के क्षेत्र में सक्रिय मीनाक्षी भारद्वाज वर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।

इसके साथ ही मीनाक्षी ने युवाओं से आग्रह किया है कि वे अपने शौक को जीवित रखने का प्रयास करें तथा समाज के उत्थान एवं बेहतरी के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।

उनका मानना है कि युवा देश की अमूल्य धरोहर है लिहाजा नशे व्यसन आदि से दूर रहकर युवाओं को सभ्य समाज की संरचना में योगदान देना चाहिए।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!