कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
कहते हैं कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण हो तो सफलता कदम चूमती है। इस कहावत को सच कर दिखाया है पंजगाई पंचायत के होनहार युवक यूनीक भारद्वाज ने।
अपने अथक परिश्रम और दृढ़ निश्चय के बल पर यूनीक का चयन भारतीय स्टेट बैंक में परिवीक्षाधीन अधिकारी के पद पर हुआ है।
पंजगाई पंचायत के पूर्व प्रधान सुशील शर्मा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत निवासी बाबू राम भारद्वाज व निर्मला भारद्वाज के पुत्र यूनीक की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। यूनीक राजस्थान के जयपुर सर्कल में अपनी सेवाएं देंगे। यह परीक्षा भारतीय स्टेट बैंक द्वारा अक्तूबर-नवम्बर 2025 में देशभर में आयोजित की गई थी।
यूनीक के माता-पिता ने बताया कि वह शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे हैं। परीक्षा की तैयारी के दौरान सोसल मीडिया की दुनिया से दुरी बनाकर उन्होंने प्रतिदिन 9 से 12 घंटे तक नियमित अध्ययन किया। बेहतर समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो यूनीक ने दसवीं तक की शिक्षा होली हार्ट पब्लिक हाई स्कूल, घुमारवीं से प्राप्त की, जबकि बारहवीं हिम सर्वोदय पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घुमारवीं से नॉन-मेडिकल में उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेज, झंझेरी-मोहाली से बीटेक कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई पूरी की।
यूनीक के पिता स्कूल प्रवक्ता पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि माता वर्तमान में सरकारी विद्यालय में प्रशिक्षित स्नातक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बहन रूपाली भी बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।
यूनीक की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची लगन और निरंतर मेहनत से कोई भी सपना हकीकत बन सकता है। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
पूर्व प्रधान सुशील शर्मा कहते है कि यूनीक की मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी ने ही आज उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। सच्ची लगन,अनुशासन और निरंतर मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। हमें उस पर गर्व है।
यही नहीं यूनीक की यह सफलता आज के युवाओं के लिए एक उदाहरण बना है। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
