कुल्लू टूडे
शिमला
शिमला की कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की पश्चिमी छोर पर स्थित पीरन पंचायत की मनोरम पहाड़ी धाली पर स्थित राजकीय उच्च पाठशाला धाली के बच्चों को स्कूल प्रबंधन द्वारा रविवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत सिरमौर जिला एवं प्रदेश के ऐतिहासिक एवं रमणीय स्थल रेणूका जी भ्रमण करवाया गया।
इस अवसर पर रंग बिरंगे परिधानों में सजे बच्चे सुबह सात बजे शिल्ली से रेणूका जी के लिए रवाना हुए। अपने शिक्षकों के साथ बस में खूब मस्ती करते हुए बच्चे जब रेणूका पंहुचे तो उन्होंने रेणूका झील, मंदिर और आसपास के वातारण का अवलोकन किया।
इस अवसर पर राजकीय उच्च पाठशाला धाली के मुख्य शिक्षक राकेश वर्मा ने बताया कि भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम की माता रेणूका का इतिहास इस क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। यह हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत झीलों में से एक है।
यह पावन स्थल के दर्शनों के लिए संपूर्ण भारत वर्ष के लोग श्रद्धा और पर्यटन की दृष्टि से यहां आते हैं। इस दौरान बच्चों ने मिनी चिड़ियाघर का भी दौरा किया तथा वहां पर रह रहे विभिन्न प्रजातियों के जानवरों को दूर से निहारा।
बच्चों ने यहां की अनूठी सौंदर्य की प्रतीक झील मे नौकायान भी किया तथा गगनचुंबी पहाड़ियों के साथ जलप्रपात के बारे में जानकारी हासिल की।
वहीं प्राइमरी विंग की प्रभारी हेमावती ने बताया कि शैक्षणिक माहौल में इस प्रकार के भ्रमणों का विशेष महत्व होता है, इससे बच्चों को बाहर निकल कर बाहरी दुनिया देखने व जानने का अवसर मिलता है। इस भ्रमण में धाली स्कूल परिवार का अहम हिस्सा मिड-डे-मील स्टाफ भी साथ रहा।
इस अभियान को सफल बनाने में मुख्याध्यापक राकेश वर्मा के साथ आशीष शर्मा, अंजू बेदी, पूनम, अनिल शर्मा, मुकेश, सत्यानंद शर्मा, हेमावती, शिवानी शर्मा व प्रेम लता ने अहम भूमिका निभाई।
