कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
ग्राम पंचायत रघुनाथपुरा के डुगली छांब क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग लंबित चल रही थी।
भारत के आजाद होने के बाद भी आज तक इस गांव के लोगों को सड़क सुविधा के अभाव का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी इस गंभीर समस्या को हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल के समक्ष उठाया।
जितेंद्र चंदेल ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आने वाले छह महीनों के भीतर गांव तक सड़क पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को दशकों से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।
इस दौरान बलदेव, श्यामलाल, छोटाराम, रतनलाल, नंदलाल, सोमा देवी, फूला देवी, सोनी देवी, अंजू देवी, माया देवी, रितु देवी, रवि कुमार, रंजीत, शंकरी देवी, निकुरम, सुरेंद्र कुमार, नरोत्तम कुमार और प्रकाश समेत कई ग्रामीणों ने जितेंद्र चंदेल से मुलाकात की।
चंदेल ने राजेश धर्माणी के समक्ष इस समस्या को रख कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सड़क निर्माण के लिए जल्द प्रावधान करवाने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क न होने के कारण बीमार व्यक्तियों को आज भी पालकी में अस्पताल ले जाना पड़ता है। पानी सिर पर ढोकर लाना पड़ता है। छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाना कठिन हो जाता है। बारिश और गर्मियों में हालात और भी खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जल्द ही सड़क निर्माण का सपना पूरा होगा।
