Spread the love

कुल्लू टूडे

बंजार

जिला कुल्लू की बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी आज ग्राम पंचायत खाड़ागाड़ व सजवाड़ के आपदा प्रभावित गांवों, सौर, कोटलाधार, घियागी और सोझा के दौरे पर रहे।

विधायक शौरी ने बताया कि ग्राम पंचायत सजवाड़ का सोझा गांव जमीन धंसने के कारण लगभग उजड़ चुका है। लगातार धंस रहे भूभाग ने अब पूरे गांव को खतरे की जद में डाल दिया है।

बरसात के चलते करीब दस मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिस कारण तत्काल भूगर्भीय सर्वे की आवश्यकता है ताकि राहत व पुनर्वास कार्यों के लिए ठोस योजना बनाई जा सके।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश गांव अब भी सड़क सुविधा से वंचित हैं, जिसके कारण न तो राहत कार्य गति पकड़ पा रहे हैं और न ही पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

विधायक शौरी ने सरकार पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि फौरी राहत देने के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कोटलाधार गांव में मकान पूरी तरह ध्वस्त होने के बावजूद प्रभावित तीन परिवारों को अब तक राहत राशि तक नहीं मिली है।

यह स्थिति तब और शर्मनाक हो जाती है जब यह गांव बंजार मुख्यालय से मात्र 8 किलोमीटर की दूरी पर NH-305 के किनारे स्थित है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को अब तक केवल नाम मात्र का राशन दिया गया है, जबकि वे बार-बार राहत राशि की मांग कर रहे हैं। यह सब कुछ सरकार की उपेक्षा और नाकामी को उजागर करता है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!