कुल्लू टूडे
बंजार
बंजार विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए विधायक सुरेंद्र शौरी लगातार क्षेत्रीय प्रवास कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने बाजौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत न्यूल का दौरा किया।
ग्राम पंचायत न्यूल का शोघी-सुजैहनी क्षेत्र एक माह से अधिक समय से सड़क सुविधा से पूरी तरह कटा हुआ है। पेयजल व बिजली की आपूर्ति भी पिछले एक माह से ठप है, जिससे ग्रामीणों का जीवन बेहद कठिन हो गया है।
विधायक शौरी ने प्रभावित परिवारों से मुलाक़ात कर उनकी पीड़ा साझा की। ग्रामीणों ने उनसे सड़क, बिजली व पेयजल आपूर्ति को तुरंत बहाल करने की मांग उठाई।
शौरी ने कहा कि पिछले दो सप्ताह से मौसम राहत व पुनर्वास कार्यों के लिए पूरी तरह अनुकूल है, फिर भी सरकार और विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने प्रशासन की इस लापरवाही को गंभीर चिंता का विषय बताया और कहा कि राहत पहुँचाने के नाम पर अब तक केवल सरकार की अनदेखी ही दिखाई दी है।
विधायक ने जानकारी देते हुए कहा है कि दो गांवों में करीब 15 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं व प्राथमिक पाठशाला शोघी का भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
विधायक शौरी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे स्वयं इस मुद्दे को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएँगे तथा क्षेत्र में राहत व पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
