Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने कहा कि हाल ही में हुई भारी और लगातार बारिश के कारण जिले में व्यापक नुकसान हुआ है।

राष्ट्रीय व राज्य उच्च मार्गों सहित कई संपर्क मार्ग भूस्खलन से बाधित हो गए हैं और कई सड़कें पूरी तरह बह जाने से दूरदराज के क्षेत्रों में राशन की कमी की स्थिति पैदा हो गई है।

उपायुक्त ने बताया कि प्रभावित आबादी तक समय पर राशन और आवश्यक वस्तुएं पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नेटवर्क और पहुँच संबंधी दिक्कतों के चलते प्रशासन हर प्रभावित क्षेत्र तक तुरंत नहीं पहुंच पा रहा।

ऐसे में प्रशासन ने सभी उपमंडलों के लिए विशेष समितियों का गठन किया है ताकि राहत व आपूर्ति कार्यों की समयबद्ध और प्रभावी निगरानी हो सके।

इन समितियों की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी (नागरिक) करेंगे, जबकि खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सदस्य होंगे।

समिति की जिम्मेदारी होगी कि पंचायत स्तर से राशन संकट संबंधी जानकारी एकत्रित करने, प्रतिदिन जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक के साथ साझा करें।

प्रभावित सड़कों व संपर्क मार्गों की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से राशन आपूर्ति करवाने की होगी।

इसके अतिरिक्त जिला आपदा संचालन केंद्र में प्राप्त सभी आपात कॉल भी समिति के साथ तुरंत साझा किए जाएंगे ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।

उपायुक्त ने कहा कि समितियां प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगी और राहत कार्यों की प्रगति का आकलन करेंगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!