Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वपूर्ण संदेश मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं और जनता ने एक साथ सुना।

इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने रविवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या -81 पर बूथ कमेटी व कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।

इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।

अखिलेश कपूर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा है कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर नागरिक स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देगा।

उन्होंने पीएम मोदी के शब्दों को दोहराते हुए कहा, “जब हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाते हैं, तो हम सिर्फ सामान नहीं खरीदते, बल्कि देश के कारीगरों, किसानों और उद्यमियों की मेहनत को सम्मान देते हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि आधुनिकता और प्रगति का रास्ता स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से होकर ही गुजरता है।

कपूर ने प्रधानमंत्री के इस संदेश के समय पर जोर देते हुए कहा कि यह ऐसे समय में आया है जब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच ‘ट्रेड वॉर’ की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते विवाद और ‘ट्रंप टैरिफ’ के कारण वैश्विक बाजार और आपूर्ति श्रृंखला में आई अस्थिरता का हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में प्रधानमंत्री मोदी का ‘मेक इन इंडिया’ और ‘ स्टार्ट अप इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाना एक बहुत ही दूरदर्शी कदम है।

अखिलेश कपूर ने स्वदेशी अपनाने के कई लाभ गिनाए, जिनमें रोजगार सृजन, आर्थिक आत्मनिर्भरता, भारतीय संस्कृति और पहचान की सुरक्षा और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूती शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत अभियान 2020, मेक इन इंडिया 2014, स्टार्टअप इंडिया 2016 और वन डिस्टिक्ट वन प्रोडक्ट 2018 जैसी कई योजनाएं शुरू की हैं, जो स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए बनाई गई हैं।

कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश न केवल आम जनता के लिए प्रेरणादायी है, बल्कि उद्योग जगत और स्टार्टअप्स के लिए भी एक स्पष्ट दिशा है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सही समय पर स्वदेशी को प्राथमिकता दी है, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों को छू रही है और वैश्विक स्तर पर देश एक मजबूत स्थिति में खड़ा हो रहा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!