Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

कृषि विभाग से उपनिदेशक पद से सेवानिवृत्त प्रकाश चंद ठाकुर ने जिले के कसोल स्थित कोल डैम क्षेत्र में पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक आयोजित करवाई। उन्होंने इस अवसर पर पहुँचे सभी पदाधिकारियों का हार्दिक स्वागत किया।

पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन इकाई पंजगाँई की यह बैठक इकाई प्रधान एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में प्रकाश चंद ठाकुर ने सेवानिवृत्त पेंशनरों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से मिलने-जुलने का अवसर मिलता है, जो सामाजिक और स्वास्थ्य दोनों ही दृष्टि से लाभदायक है।

उन्होंने इस अनमोल जीवन को केवल बोनस न समझने की सलाह दी, बल्कि अपने अनुभवों के माध्यम से इसे समाज को देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि हमें समाज में अपनी विभागीय जानकारी और अनुभव साझा करके वरिष्ठ नागरिक के रूप में अपना योगदान देना चाहिए।

इस बैठक में मुख्य रूप से सेवानिवृत्त पेंशनरों की जनवरी 2016 से जनवरी 2022 तक की लंबित देनदारियों पर चर्चा की गई।

प्रधान अश्वनी शर्मा ने जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन पुनर्निर्धारण की धीमी स्वीकृति प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त की।

महासचिव सुंदर शर्मा ने महालेखाकार कार्यालय में लंबे समय से लंबित अदालती मामलों पर अपने विचार व्यक्त किए, जिससे कुछ सेवानिवृत्त पेंशनर अपनी मृत्यु के बाद भी प्रभावित हुए।

कुछ वरिष्ठ पेंशनरों की तो स्वीकृति के इंतजार में मृत्यु भी हो गई, जबकि कई मामले अभी तक स्वीकृति के लिए भेजे भी नहीं गए हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित पेंशन पुनर्निर्धारण मामलों का तुरंत निपटारा किया जाए।

साथ ही डीए की किश्तों, बकाया और मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर की इकाइयों को संगठित होकर एकता का परिचय देना चाहिए और सरकार से समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की अपील की।

इस अवसर पर सचिव सुंदर शर्मा, कोषाध्यक्ष हुकम सिंह, सदस्य लक्ष्मण दास वर्मा, राजेश शर्मा, वीरबल राम वर्मा, शिव राम ठाकुर, बाजा राम, विजय राम आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!