कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि चुनावों के दौरान कांग्रेस ने पांच सालों में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों से पीछे हट गई है।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग निहारी में भाजपा मंडल भराड़ी के युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
गर्ग ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को 58 साल की पक्की नौकरी देने का भरोसा दिलाया था, मगर अब सरकार जॉब ट्रेनी की बात कर रही है।
यह फैसला युवाओं के साथ सरासर धोखा है। कांग्रेस सरकार ने ढाई सालों में ढाई सौ पद भी नहीं भरे।
गर्ग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रदेश के हर वर्ग से वादा खिलाफी की है। महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह नहीं मिले, किसानों और बागवानों से भी छल हुआ। विभागों में हजारों पद खाली हैं।
लेकिन सरकार उन्हें भरने की बजाय बेरोजगारों को गुमराह कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही कांग्रेस का व्यवस्था परिवर्तन है।
उन्होंने कहा कि अढ़ाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी सरकार ने युवाओं के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
इसके उलट, हजारों लोगों की नौकरियां छीनी गईं और अब जॉब ट्रेनी का निर्णय लिया गया है, जिससे युवाओं को गहरा झटका लगा है।
गर्ग ने कहा कि जनता ने बड़े.बड़े वादों पर भरोसा कर कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी, मगर अब हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
इस मौके पर भराड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष जोरावर सिंह, जिला महामंत्री नवीन शर्मा, अंशुल, अनीश ठाकुर, रोहित कुमार, साहिल, मनीष, नितिन, कृष, निखिल शर्मा, हर्ष राणा, विकास भारद्वाज, अभिनव, सौरभ मेहता और रोहित कुमार सहित काफी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
