Spread the love
हरनोडा-कसोल मार्ग पर सीटीबी तकनीक से बनेगी टिकाऊ सड़क, ट्रायल हुआ शुरू
 
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
पंचायत घर हरनोडा से कसोल सड़क मार्ग पर सीमेंट ट्रीटेड बेस (सीटीबी) तकनीक से तैयार की जाने वाली सड़क का मंगलवार को ट्रायल शुरू किया गया। इस योजना का शुभारंभ कोल डैम के व्यू प्वाइंट से शुरू हुआ जिसका शुभारंभ पीडब्ल्यूडी के एक्शन दुनी चंद ठाकुर ने किया। इस कार्य को निर्भया कंस्ट्रक्शन कंपनी  कर रही है।
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर वसीम खान ने बताया कि सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर नई तकनीक से सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी आयु लगभग 20 वर्ष मानी जा रही है। उनका  कहना है कि इस तकनीक से तैयार सड़कें लंबे समय तक बिना टूट-फूट के सुरक्षित रहती हैं।
 
हरनोडा-कसोल मार्ग के साथ-साथ दली से मियां बंदला तथा धार से द्रोबड़ तक भी सीटीबी आधार पर सड़कें बनाई जाएंगी। इस तकनीक का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी मजबूत व टिकाऊ सड़कों का निर्माण करना है, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और भविष्य में रख-रखाव की लागत भी न्यूनतम रहे।  
कंपनी के इंजिनियरों ने बताया कि सीटीबी सड़कें आमतौर पर उच्च यातायात वाले क्षेत्रों जैसे राजमार्गों, एक्सप्रेसवे और औद्योगिक फुटपाथों में उपयोग की जाती हैं। इसके साथ ही ग्रामीण सड़कों और शहरी फुटपाथों में भी इस तकनीक का सफल प्रयोग किया जा रहा है।
सीटीबी तकनीक में सड़क की आधार परत को सीमेंट के साथ सुदृढ़ किया जाता है, जिससे सड़क भारी वाहनों का दबाव और प्रतिकूल पर्यावरणीय परिस्थितियों को लंबे समय तक झेल सकती है।
 
गौरतलब है कि इस क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि सड़क को टिकाऊ व बेहतर तकनीक से तैयार किया जाए। ट्रायल के बाद उम्मीद की जा रही है कि यह तकनीक आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की सड़क निर्माण परियोजनाओं के लिए कारगर साबित होगी।
ग्रामीणों ने सरकार व विभाग के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इस पहल से न केवल उनकी आवाजाही में आसानी होगी, बल्कि विकास की राह भी और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर एसडीओ सीता राम ठाकुर, जेई सुरेश कुमार, एई राजीव शर्मा, एई रंगीला राम ठाकुर, एई राम लोक, दिलीप राणा, मनोज कुमार, आकाश शर्मा सहित निर्भया कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर वसीम खान व अन्य तकनीकी स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!