Spread the love

कुल्लू टूडे

उदयपुर

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति ने सोमवार को लाहौल-स्पीति जिले के पौराणिक त्रिलोकीनाथ मंदिर का दौरा किया।

समिति के सदस्यों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी ली।

उदयपुर की एसडीएम आलिशा ने समिति के सभापति अनिल शर्मा और सदस्यों उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक डॉ. हंस राज, जीत राम कटवाल, इंद्र सिंह, डॉ. जनक राज, मलेंद्र राजन और कैप्टन रंजीत सिंह को मंदिर ट्रस्ट की ओर से पारंपरिक लाहौली रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया।

इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने त्रिलोकीनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार करने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु विशेष प्रयास करने पर बल दिया।

इसके पश्चात समिति ने उदयपुर स्थित लगभग एक हजार वर्ष पुराने ऐतिहासिक मृकुला देवी मंदिर का भी दौरा किया और वहां शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

समिति ने मंदिर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

error: Content is protected !!