Spread the love

कुल्लू टूडे

मंडी

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से मंडी जिला में पांचवी से आठवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए ‘कमाल का कैंप’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसका शुभारंभ आज उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने अभियान से संबंधित कलैंडर का विमोचन करते हुए किया।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जिला में पांच सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर बच्चों को पढ़ने और गणित की क्षमताओं को और अच्छे से मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान आज से पूरे मंडी जिला में आरंभ हो गया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जायेगा।

इसके अतिरिक्त दसवीं पास कोई भी युवा, जिनके पास स्मार्ट फोन हो, स्वेच्छा से इस कार्य को कर सकते हैं, जिसके लिए उन्हें अपने समीप के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करना होगा।

उन्होंने बताया कि इन स्वयंसेवकों को प्रशासन द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।

उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे इन शिविरों में अपने बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि कमाल के कैंप में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों से बच्चों की शिक्षा की नींव और मजबूत हो सके।

उन्होंने बाल विकास, पंचायती राज तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से भी इस कैंप को सफल बनाने के लिए इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!