कुल्लू टूडे
केलांग
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में देश की पहली स्नो मैराथन होने जा रही है।
26 मार्च को आयोजित होने वाली इस स्नो मैराथन में देश भर से 100 प्रतिभागी भाग लेंगे। यह स्नो मैराथन भारत मे अपनी तरह का पहला मैराथन होगा।
दुनिया मे लगभग 10 देशों में आर्कटिक सर्कल, उत्तरी ध्रुव और साइबेरिया जैसे जगह में शीत कालीन स्नो मैराथन आयोजित होते हैं लेकिन भारत मे पहली बार शीत मरुस्थल लाहुल घाटी में इस तरह का मैराथन आयोजित हो रहा है।
उपायुक्त लाहुल स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि 26 मार्च को रिच इंडिया संस्था व गोल्ड ड्राप एडवेंचर लाहुल स्पीति प्रशासन के सहयोग से स्नो मैराथन आयोजित कर रही है।
उन्होंने बताया कि पहली बार आयोजित हो रही इस मैराथन में 100 लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 26 मार्च को प्रशासन सिस्सू में स्नो फेस्टिवल का आयोजन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि स्नो फेस्टिवल के साथ साथ यह आयोजन वास्तव में लाहुल स्पीति को खेल और पर्यटन दोनों रुप में मंत्र मुग्ध करने वाली वैश्विक छवि को आगे बढ़ाने में मदद करेगा और यह स्नो मैराथन देश के भीतर एक नया खेल को जन्म देने की पहल करेगा। यह मैराथन लाहुल स्पीति सहित हिमाचल प्रदेश के लिए लाभकारी होगा।
अटल टनल रोहतांग टनल के नार्थ पोर्टल में कोकसर पंचायत के लोग स्नो फेस्टिवल मनाएगें। यहां स्नो क्राफ्ट, पुरातन वस्तुएं, प्राचीन तीर अंदाजी, स्थानीय उत्पाद के स्टाल और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नार्थ पोर्टल से कोकसर पंचायत तक मैराथन का आयोजन किया जाएगा। उसी दिन गोंदला में फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा।
